Friday 27 October 2023

आशीष शर्मा VS दीपक जोशी: कभी एक ही पार्टी के लिए एक साथ किया करते थे चुनाव प्रचार, अब है एक दूसरे के आमने-सामने | Kosar Express

 


देवास की खातेगांव सीट पर विधानसभा का मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। खातेगांव सीट भाजपा ने दो बार के विधायक आशीष शर्मा को फिर से टिकट देकर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा से आए दीपक जोशी को टिकट दिया है। हालांकि क्षेत्र में इस टिकट का विरोध भी जमकर हुआ। दीपक जोशी और आशीष शर्मा कभी एक ही पार्टी के लिए एक साथ चुनाव प्रचार किया करते थे, अब एक दूसरे के आमने-सामने होंगे।


दो बार से विधायक है आशीष

खातेगांव से बीजेपी से लगातार दो बार के विधायक आशीष शर्मा इस बार भी प्रत्याशी हैं। आशीष शर्मा की क्षेत्र में काफी अच्छी छवि है। प्रतिदिन जनता दरबार लगा कर सीधे लोगों से जुड़ते हैं। पिछला चुनाव आशीष शर्मा 7 हजार से ज्यादा वोटों से जीते थे। पिता स्व गोविंद शर्मा भी खातेगांव से विधायक रहे। हाल ही में माखनलाल महापरिषद में शामिल हुए। आशीष शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल कर क्षेत्र में जनसंपर्क की शुरुआत भी कर दी है।


भाजपा छोड़ कांग्रेस का थामा दामन

5 महीने पहले भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए दीपक मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनीति के संत कहे जाने वाले नेता कैलाश जोशी के पुत्र हैं। दीपक जोशी 3 बार विधायक रह चुके हैं। साल 2003 में बागली से विधायक बने। उसके बाद 2008 और 2013 में हाटपिपल्या से जीते। शिवराज कैबिनेट में 2013-18 तक मंत्री भी रह चुके है। हमीदिया कॉलेज भोपाल के छात्र संघ अध्यक्ष रहे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके है। दीपक जोशी की हाटपिपलिया, बागली और खातेगांव में काफी अच्छी पकड़ है। 


कांग्रेस के टिकट का हुआ था जमकर विरोध

कांग्रेस से टिकट मिलने से पहले ही दीपक जोशी के खिलाफ पोस्टर लग गए थे। टिकट मिलने के बाद विरोध ने जोर पकड़ा। दरअसल टिकट मिलने के बाद जब दीपक जोशी तब खातेगांव गए थे तब वहां से स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दीपक जोशी की गाड़ी रोक कर काले झंडे दिखाए थे और गनमैन से भी झूमा झटकी की थी। इसी दौरान गाड़ी का कांच भी फोड़ा गया था, कार्यकर्ताओं की मांग है कि टिकट स्थानीय प्रत्याशी को दिया जाए। कांग्रेस खातेगांव सीट पर स्थानीय उम्मीदवार नहीं दे पाई है।

मतदाताओं की संख्या 

कुल मतदाता - 2 लाख 35 हजार से ज्यादा

पुरुष मतदाता - 1 लाख 21 हजार

महिला मतदाता - 1 लाख 14 हजार

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.