Saturday 28 September 2019

Dewas - देवास में फिर छिड़ा होर्डिंग वार, 4 दिन में बदल गए 4 फ्लेक्स | Kosar Express

जिला अस्पताल तिराहा पर लगे होडिंग को लेकर भाजपा-कांग्रेस में ठनी, मामला थाने तक पहुंचा

देवास। राजनीतिक कार्यक्रमों हो या तीज त्यौहार, हर छोटे-बड़े नेताओं में होर्डिंग लगाने की मानों होड़ की मच जाती है। शहर की प्रमुख चौराहों के साथ ही बिजली के पोल व बल्लियां गाड़कर होर्डिंग्स लगाने की ऐसी परंपरा चली है कि जहां एक ओर इनसे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है। वहीं होर्डिंग वार (विवाद) भी शुरु हो गया है। ऐसा ही एक विवाद जिला अस्पताल तिराहा पर लगे एक बड़े होर्डिंग को लेकर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को देखने को मिला है। हालांकि शहर कोतवाली पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यह मामला लड़ाई-झगड़े तक नहीं पहुंचा।


दरअसल जिला अस्पताल तिराहा पर सर्वाधिक होर्डिंग लगे है, इनमें से एक सबसे बड़ा होर्डिंग है, जिस पर दो दिन पूर्व कांग्रेसी नेता व पूर्व पार्षद शिवा चौधरी द्वारा नवरात्रि पर दर्शनार्थियों के स्वागत, अभिनंदन का फ्लेक्स लगाया गया था और ऐसा माना जा रहा था कि यह फ्लेक्स पूरी नवरात्रि तक लगा रहेगा, किंतु चौधरी का यह फ्लेक्स दो दिन भी नहीं टिक सका और इसके ऊपर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात आनंद कोठारी मित्रमंडल का नया फ्लेक्स लग गया, जिस पर दिवंगत विधायक तुकोजीराव पवार, विधायक गायत्रीराजे पवार व उनके पुत्र विक्रमसिंह पवार के फोटो थे और ये फ्लेक्स पर नवरात्रि में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत, अभिनंदन करता दिखाई दे रहा है। फ्लेक्स लगते ही शिवा चौधरी खेमे में हलचल मच गई और तिराहा पर भीड़ जमा हो गई। इस बात की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पता चला कि उक्त होर्डिंग विकास फ्लेक्स वालों का है, जिसे भाजपा नेता आनंद कोठारी द्वारा गणेश उत्सव के दौरान ही नवरात्रि के लिए बुक कर लिया था और नियमानुसार विकास फ्लेक्स संचालक द्वारा इस होर्डिंग पर कोठारी मित्रमंडल का ही फ्लेक्स लगाया जाना था, किंतु 26 सितंबर की सुबह इस जगह पर शिवा चौधरी का फ्लेक्स लग गया और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि पूर्व पार्षद शिवा चौधरी का कहना है कि उन्होंने विकास फ्लेक्स के संचालक से बात की थी और इसके बाद ही उक्त फ्लेक्स लगवाया गया था। उन्होंने मेरा फ्लेक्स क्‍यों निकाल दिया है, यह समझ से परे है। हमने इस मामले की शिकायत भी की है। उधर इस मामले में आनंद कोठारी का कहना है कि मैंने तो गणेश उत्सव के दौरान उक्त होड्डिंग नवरात्रि के लिए बुक कर दिया था, किंतु इस होर्डिंग पर अन्य फ्लेक्स लगने के कारण मैंने अपने फ्लेक्स क्षिप्रा में लगवा दिये थे, किंतु रात को होर्डिंग संचालक ने यह फ्लेक्स लगवा दिया, जिसकी जानकारी मुझे नहीं थी। इस संबंध में होर्डिंग मालिक विकास से चर्चा करना चाही गई, किंतु उन्होंने फोन नहीं उठाया।



4 दिन में बदल गए 4 फ्लेक्स
अस्पताल तिराहा पर लगे इस होर्डिंग को अधिक लोग देखते है, शायद यही वजह है कि इस होर्डिंग पर फ्लेक्स लगाने की होड़ लगी हुई है और हर कोई राजनेता इसी होर्डिंग पर अपना फ्लेक्स लगवाना चाहता है। यही वजह है कि पिछले 4 दिनों में 4 फ्लेक्स बदल चुके है। सबसे पहले 23 सितंबर को कांग्रेसी नेता संतोष मोदी, जाकिर उल्ला मित्रमंडल ने यहां फ्लेक्स लगाया था। वह भी नवरात्रि के अभिनंदन का था। इसके बाद 24 सितंबर को भाजपा नेता रवि जैन के समर्थकों ने मोदी-उल्ला के फ्लेक्स को ढंककर रवि जैन के जन्मदिन का फ्लेक्स का लगा दिया। जैन का जन्मदिन 26 सितंबर को था और वे अपने जन्मदिन का केक भी नहीं काट पाए थे कि 26 सितंबर की सुबह कांग्रेस के पूर्व पार्षद शिवा चौधरी का फ्लेक्स नजर आने लगा और रवि जैन का फ्लेक्स ढंक गया। अब नवरात्रि प्रारंभ होती और शिवा चौधरी श्रद्धालुओं का अभिनंदन कर पाते, इससे पहले ही 26-27 की दरमियानी रात को ही उनका फ्लेक्स ढंककर आनंद कोठारी  मित्रमंडल का फ्लेक्स लग गया है। इसी तरह यहां पर पिछले चार दिनों में चार फ्लेक्स बदल गए हैं। 


नगर निगम द्वारा शहर में लगे तमाम अवैध होर्डिंग्स को हटाने की कार्यवाही की गई थी। वहीं होर्डिंग्स मालिकों ने संगठित होकर अपना एक संगठन भी बनाया था तथा उस समय निर्णय लिया गया था कि अब वे होर्डिग्स पर सिर्फ कर्मशियल विज्ञापन ही लगाएंगे, राजनेताओं के फोटो लगे होर्डिंग्स लगाना बंद कर देंगे। इस पर कुछ दिन तक अमल भी हुआ और एक ऐसा समय आया, जब राजनेताओं के फोटो लगे हो्डिंग्स शहर मुक्त हो गया, किंतु यह समय ज्यादा दिन नहीं टिका और एक बार फिर शहर होडिंग्स से भरने लगा है।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.