Thursday 21 June 2018

ग्वालियर में मौसी की शादी में आई मासूम से दुष्कर्म कर हत्या | Kosar Express

6 साल की मासूम को एक लड़का आइस्क्रीम या चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ कैंसर पहाड़ी के जंगल में ले गया।

ग्वालियर। बड़े अरमान के साथ मौसी की शादी में शामिल होने आई 6 साल की मासूम को एक लड़का आइस्क्रीम या चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ कैंसर पहाड़ी के जंगल में ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी।

घटना बुधवार-गुरुवार की रात कैंसर पहाड़ी आयुर्वेदिक संस्थान के पीछे जंगल की है। पूरा घटनाक्रम 1 घंटा 27 मिनट के बीच हुआ है। इतने समय तक मासूम ने सनकी इंसान की हैवानियत झेली। पहचाने जाने के डर से आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी रात 1.21 बजे बच्ची को ले जाता और वारदात को अंजाम देकर रात 2.48 बजे लौटता सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है।

भिंड के मौ कस्बे में रहने वाली 6 साल की रानी (परिवर्तित नाम) अपने पिता, दादा व मां सहित अन्य परिजन के साथ बुधवार शाम 7 बजे अपनी रिश्ते में मौसी की शादी में शमिल होने गड्ढे वाला मोहल्ला कम्पू में आई थी। शादी का कार्यक्रम कैंसर पहाड़ी आयुर्वेदिक संस्थान के पीछे सामुदायिक भवन से होना था।

रात 9 बजे अपने परिवार के साथ तैयार होकर वह कार्यक्रम स्थल पहुंची। धीरे-धीरे पूरा परिवार शादी के माहौल में व्यस्त हो गया। नई फ्रॉक में मौसी की शादी में मासूम रानी भी चहक रही थी। रात 1 बजे पिता ने उसे मां के पास उनका मोबाइल लाने के लिए कहा।

वह महिलाओं के बीच बैठी मां से मोबाइल लेकर आई और पिता को दिया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। रात 2.30 बजे रानी की मां ने उसे नहीं देखकर उसके पिता को बताया। तभी से मासूम की तलाश शुरू की गई। रातभर तलाश करने के बाद सुबह 5 बजे कम्पू थाना पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई।

परिजन अपने स्तर पर तलाश करते रहे। गुरुवार दोपहर जब परिजन पहाड़ी की तरफ तलाश करने वापस पहुंचे तो वहां बच्ची की मोती की माला टूटी मिली। इसके बाद वह आगे बढ़ते गए। जहां माला मिली उससे करीब 300 मीटर अंदर जंगल में बच्ची का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक पड़ताल में बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या होना साफ हो गया था। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई है।

सीसीटीवी फुटेज में ले जाता दिखा दरिंदा

सुबह 9 बजे तक मासूम का कुछ पता नहीं चला तो इसी समय सामुदायिक भवन के रास्ते के सामने डॉ. दीपक यादव के मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे देखे गए। परिजन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। रात 1.21 बजे सामुदायिक भवन से एक 19 से 20 साल का लड़का कुछ लालच देकर बच्ची को अपने पीछे ले जा रहा है।

कुछ दूर जाने के बाद वह मासूम का हाथ पकड़कर उसे जंगल की तरफ ले जा रहा है। अंधेरा देखकर एक बार बच्ची लौटी भी, लेकिन आरोपी ने आवाज देकर फिर कुछ कहा और वह पीछे चल दी। इसके बाद वही लड़का रात 2.48 बजे लौटता दिख रहा है। पर वह अकेला ही था उसके साथ मासूम नहीं थी। 1 घंटे 27 मिनट तक वह मासूम को अपनी हैवानियत का शिकार बनाकर हत्या कर लौटा था।

कौन होगा आरोपी?

आरोपी के फुटेज मासूम के परिजन व अन्य रिश्तेदारों को दिखाए हैं। पर कोई उसे पहचान नहीं पा रहा है। वह काले जूते, शर्ट की कॉलर पर सफेद रूमाल लगाए है। जिस तरह का हुलिया दिख रहा है उससे वह शादी में आए कैटरर्स की टीम का सदस्य, पानी स्टॉल या आइस्क्रीम स्टॉल पर काम करने वाला लग रहा है। पुलिस उसकी तलाश में पूरे कैटर्स स्टाफ की पड़ताल कर रही है।


No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.