देवास। देवास पुलिस ने जिले के युवाओं को नशे की लत लगाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। करीब एक महीने तक लगातार निगरानी करने के बाद पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर अलग-अलग 4 स्थानों पर दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 64.7 ग्राम एमडी ड्रग्स, 14 मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 10 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में सीएसपी सुमित अग्रवाल और एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में कोतवाली, औद्योगिक क्षेत्र, पीपलरावां और बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त की जा रही है। इस पर पुलिस ने बिलावली-राजपुरा रोड, सुरजना फाटा पीपलरावां, मोती बंगला रेलवे पटरी और एबी रोड क्षिप्रा ब्रिज क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से एमडी ड्रग्स बरामद करते हुए आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए माल में करीब 97 हजार रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स, करीब 3.53 लाख रुपये कीमत की इग्निस कार, करीब 1.5 लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड बुलेट और करीब 4 लाख रुपये कीमत के 14 मोबाइल फोन शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
1. राजा खान पिता शाकिर खान, निवासी ग्राम सिंदनी थाना टोंकखुर्द
2. महेश कुमावत पिता गोवर्धनलाल, निवासी ग्राम सिंदनी थाना टोंकखुर्द
3. रईस खान पिता छोटे खान, निवासी ग्राम अमरपुरा थाना बीएनपी
4. सोदान परमार पिता राजाराम, निवासी ग्राम सिंदनी थाना टोंकखुर्द
5. शेख शाहरुख पिता शेख सलीम, निवासी सिल्वर कॉलोनी थाना औद्योगिक क्षेत्र
6. शकील खान पिता इदु खान, निवासी ग्राम चौबाराधीरा थाना पीपलरावां
7. अल्ताफ पिता वकील खान, निवासी चौबाराधीरा
8. प्रताप सिंह पिता शेर सिंह, निवासी सांवेर थाना सोनकच्छ
9. जुबेर खान पिता शरीफ खान, निवासी सहारा ग्रीन देवास
10. ताहिर शाह पिता आशिक शाह, निवासी नौसराबाद कॉलोनी देवास
11. साहिल शेख पिता सलीम शेख, निवासी त्रिलोक नगर ईटावा देवास
12. हबीब-उर-रहमान उर्फ रघु पिता आरिफ खान, निवासी रसूलपुर
13. अरुण वर्मा पिता गेंदालाल वर्मा, निवासी नागुखेड़ी देवास
14. कैफ पिता रिजवान खान, निवासी उत्तम नगर ईटावा देवास


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.