शुक्रवार, 8 जून 2018

मंदसौर में राहुल के बाद अब तोगड़िया और भाजपा के शत्रु आ रहे हैं



भोपाल। मध्यप्रदेश का मंदसौर जिला ​किसान राजनीति का केंद्र बन गया है। 2017 में हुए किसान आंदोलन में पुलिस की गोलियों से मारे गए 06 किसानो के बाद उनकी बरसी पर राहुल गांधी ने शिवराज सरकार पर हमला बोला और किसानों के कर्ज माफ करने का वादा किया। अब भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, फायर ब्रांड हिंदू नेता प्रवीण तोगड़िया एवं भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा मंदसौर आ रहे हैं। ये तीनों ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने मोदी सरकार की नाक में दम कर रखा है।


बताया जा रहा है आठ जून को होने वाली सभा में व्हीएचपी के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के साथ साथ अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल होंगें। सभा के पहले 8 जून को असहयोग दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद 10 जून को भारत बंद को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके लिए कक्का जी ने 8 जून को दलौदा में सभा की परमिशन ले ली है। इसमें विभिन्न राज्यों से नेता आएंगे। शाम 4 बजे किसान नेता कक्का जी की उपस्थिति में होने वाली इस सभा में दलोदा मंडी में किसानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। ये सभी नेता 8 जून को इंदौर पहुंचेंगे। यहां से ये सभी मंदसौर के दलोदा में आएंगे। यहां से सभा करके रात्रि विश्राम रतलाम में करेंगे।


राहुल गांधी के बाद यह बड़ी सभा शिवराज सरकार को तनाव दे सकती है। तीनों ही नेता इससे पहले तक मतदाताओं को भाजपा के लिए आकर्षित करने का काम करते रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के भाषणों को सुनने के​ लिए आज भी दूर दूर से लोग चले आते हैं। प्रवीण तोगड़िया अपने आप में हिंदू ब्रांड हैं। यशवंत सिन्हा को सारा देश गंभीरता से लेता है। राहुल गांधी को घोषित विरोधी थे पंरतु ये भाजपा के अपने हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.