राज्य में आज सबसे अधिक तापमान नौगांव में 46.7 और श्योपुर में 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 46.2, राजगढ़ और खजुराहो में 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इनके साथ शाजापुर, गुना, खरगोन, खंडवा, सतना और शिवपुरी में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।
इसलिए बढ़ रहा तापमान
मौसम केंद्र, भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है, इसके कारण तापमान बढ़ रहा है। हालांकि आने वाले तीन-चार दिन में तापमान में कमी आने की संभावना है। वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान से उत्तर पश्चिमी हवाएं आने पर तापमान कम होगा। राजस्थान में भी इस समय तापमान कम हुआ है। 26-27 मई तक मध्यप्रदेश में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार दिख रहे हैं।
रातें भी तप रहीं हैं
प्रदेश में दिन के साथ रात भी तप रही है और तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। राज्य के कई स्थानों पर रात का तापमान 30 डिग्री के ऊपर है। राजगढ़ और टीकमगढ़ में आज सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इनके साथ भोपाल, श्योपुर, शाजापुर, दमोह, होशंगाबाद और जबलपुर में भी न्यूनतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक रहा।
भोपाल में सीजन सबसे गर्म दिन
राजधानी भोपाल में आज मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 44.4 डिग्री पर पहुंच गया। इस सीजन में पहली बार पारा 44 के पार पहुंचा है। यहां दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर बहुत ही कम आवाजाही दिखाई दी। देर शाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं। इस बार दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर दिखाई पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों से यहां रात का पारा 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान आज भी 31.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, हालांकि इसमें कल की अपेक्षा करीब डेढ़ डिग्री की कमी आई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.