Saturday 7 April 2018

काला हिरण शिकार केस: 20 साल बाद हुई थी 5 साल की सजा, 2 दिन में मिल गई जमानत

सलमान की जमानत पर सुनवाई के लिए सेशन जज ने ट्रायल कोर्ट का रिकॉर्ड मंगवाया था।


  • सलमान को जेल प्रशासन ने दूसरे दिन भी न तो कैदियों की ड्रेस पहनाई न ही जेल का कैदियों वाला खाना खिलाया।
  • जेल में 15 दिन में 3 लोगों से मुलाकात का नियम, लेकिन दो दिन में ही सलमान की कई लोगों से मुलाकात कराई गई।


जोधपुर.जिस कांकाणी हिरण शिकार मामले में सलमान खान को 20 साल बाद सजा सुनाई गई थी, उसमें दो दिन के भीतर जमानत मिल गई। सेशन जज (रूरल) रविंद्र कुमार जोशी ने शनिवार को 3 बजे 25-25 हजार के मुचलके पर सलमान को जमानत दे दी। जोशी का शुक्रवार को तबादला कर दिया था, लेकिन रिलीव होने से पहले उन्होंने सलमान की सजा सस्पेंड कर बेल दे दी। खबर सुनते ही कोर्ट के बाहर खड़े सलमान के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। उम्मीद है कि शाम 5 बजे तक जमानत की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और सलमान रिहा कर दिए जाएंगे। बता दें कि सलमान खान को शिकार मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई है।
आगे क्या होगा?
- विश्नोई समाज के वकील महीपाल विश्नोई ने बताया, "सलमान खान को 25-25 हजार के दो मुचलके भरने के ऑर्डर कोर्ट ने दिए हैं। वे अदालत की इजाजत के बिना देश नहीं छोड़ सकते हैं। उन्हें 7 मई को खुद अदालत के सामने पेश होना होगा।"
कोर्ट रूम में क्या हुआ?
- सलमान के वकील महेश बोड़ा ने कहा कि 20 साल से जारी इस केस में सलमान हमेशा जमानत पर रहे। उन्होंने हमेशा कोर्ट के आदेश का पालन किया और जब भी बुलाया गया वे हाजिर हुए। ऐसे में उन्हें जमानत दी जाए।
- इस पर सरकारी वकील पोकरराम ने कहा कि गवाहों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ है कि सलमान ने गोली मारकर हिरण का शिकार किया। इसी आधार पर उन्हें ट्रायल कोर्ट ने दोषी करार दिया था। ऐसे में उन्हें जमानत नहीं दी जानी चाहिए। 
- वहीं, विश्नोई समाज के वकील महिपाल विश्नोई ने कहा कि सलमान के खिलाफ आरोप साबित हो चुका है। ऐसे में उन्हें जमानत देने के बजाय जेल में रखने के मामले की सुनवाई जल्द करनी चाहिए। सबूतों के आधार पर उन्हें आगे भी दोषी ही माना जाएगा।
सलमान के वकील को अंडरवर्ल्ड से मिल रही धमकी
- सलमान के वकील महेश बोड़ा को अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी से धमकी मिलने का दावा किया है। बोड़ा ने बताया कि गुरुवार शाम को इंटरनेट कॉलिंग शुरू हुई। उन्होंने कॉल अटेंड नहीं किया तो शुक्रवार सुबह तक 8 से 10 मैसेज मिल गए। रवि पुजारी के नाम से आए मैसेज में लिखा था ‘सलमान का केस छोड़ दो वरना मार देंगे’। उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत कर दी और मैसेज का ब्यौरा सौंप दिया। 
- एडवोकेट हस्तीमल सारस्वत को भी 3 इंटरनेशनल कॉल आई। जिन्हें उन्होंने कॉल अटेंड नहीं किया। उनके मुताबिक, शुक्रवार को आई कॉल के नंबर उन्होंने जांचे तो वे पाकिस्तान के नंबर थे। सारस्वत ने बताया कि पिछले साल भी रवि पुजारी ने उन्हें धमकी दी थी।
कांकाणी हिरण शिकार सबसे मजबूत था
- 1 अक्टूबर 1998 की रात जब सलमान और उनके साथियों ने जोधपुर के पास कांकाणी गांव में संरक्षित वन्य प्राणी दो काले हिरणों का शिकार किया था। गांव वालों ने गोली की आवाज सुनकर उनका पीछा भी किया था। इनमें से कई लोगों ने उन्हें मौके पर देखा था और हिरणों के शव भी फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को सौंप दिए थे। इस मामले में सलमान गोली चलाने के आरोपी बनाए गए।
- शिकार से जुड़े बाकी के दोनों केस में इकलौता चश्मदीद हरीश दुलानी था, उसने भी बयान बदल लिए थे। उसने सलमान के अलावा दूसरे कलाकारों को पहचानने से इनकार कर दिया था। दूसरा कमजोर पक्ष यह भी था कि उसमें हिरणों के शव नहीं मिले थे।
दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई
- कांकाणी केस में पहली रिपोर्ट डॉ. नेपालिया की थी। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, एक हिरण की मौत दम घुटने से और दूसरे हिरण की मौत गड‌्ढे में गिर जाने और श्वानों के खाने से हुई थी। अभियोजन पक्ष का कहना था कि यह रिपोर्ट सही नहीं थी, क्योंकि इसमें गन इंजरी की बात नहीं थी। 
- इसके बाद मेडिकल बोर्ड बैठाया गया। बोर्ड ने दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों काले हिरणों की मौत की वजह गन शॉट इंजरी ही बताई।
शिकार मामले में सलमान पर कितने केस, उनमें क्या हुआ?
- कुल चार केस थे। तीन हिरणों के शिकार के और चौथा आर्म्स एक्ट का। दरअसल, तब सलमान के कमरे से उनकी निजी पिस्टल और राइफल बरामद की गई थीं, जिनके लाइसेंस की मियाद खत्म हो चुकी थी।
कहां और कब किए गए शिकार?
- सलमान पर जोधपुर के घोड़ा फार्म हाउस और भवाद गांव में 27-28 सितंबर 1998 की रात हिरणों का शिकार करने का आरोप लगा।
- फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान सलमान और उनके साथियों ने 1 और 2 अक्टूबर, 1998 की रात जोधपुर के पास कांकाणी गांव में दो काले हिरणों के शिकार का आरोप था। आर्म्स एक्ट में एडिशनल केस लगने की वजह से यह मामला जुलाई 2012 तक पेंडिंग रहा।
सलमान ने पिछले 20 साल में 18 दिन जेल में काटे
- हिरण शिकार के 3 मामलों में सलमान पुलिस और ज्यूडिशियल कस्टडी में 18 दिन जेल में रह चुके हैं।
6 दिन: फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने 12 अक्टूबर 1998 को हिरासत में लिया था। वे 17 अक्टूबर तक जेल में रहे।
6 दिन: घोड़ा फार्म मामले में 10 अप्रैल 2006 को सलमान को लोअर कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई। 15 अप्रैल तक जेल में रहे।
6 दिन: सेशन कोर्ट ने इस सजा की पुष्टि की। तब 26 से 31 अगस्त 2007 तक सलमान जेल में रहे।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.