Wednesday 25 July 2018

शिवराज सिंह से नाराज दिग्विजय सिंह कल देंगे भोपाल में गिरफ्तारी | Kosar Express

कल होगा दिग्विजय का शक्ति प्रदर्शन, 'मुझे गिरफ्तार करो' के पोस्टर वायरल

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उन्हें देशद्रोही कहे जाने से नाराज हैं। गुरुवार (26 जुलाई) को भोपाल के टीटी नगर थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचेंगे। दरअसल कुछ दिनों पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवराज ने दिग्विजय सिंह के बारे में कहा था कि,'पुलिस किसी आतंकवादी को मार दे तो दिग्विजय आतंकवादी के घर जाते हैं। उन्हें 'जी' कहकर संबोधित करते हैं। कई बार दिग्विजय सिंह के ये कदम मुझे देशद्रोही लगते हैं।' शिवराज के इसी बयान पर दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई थी और 21 जुलाई को उन्हें खत लिखा था।

खत में दिग्विजय सिंह ने लिखा था कि, 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मुझे 'देशद्रोही' मानते हैं। जहां तक मुझे मालूम है। मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिसकी वजह से संवैधानिक पद पर विराजमान मुख्यमंत्री की नजरों में मैं 'देशद्रोही' की श्रेणी में आता हूं। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान के पास मेरे देशद्रोही होने के जो भी सबूत हैं उन्हें वो प्रशासन को सौंप दें, ताकि मेरी गिरफ्तारी हो सके और मुझ पर केस दर्ज करने में कोई रुकावट ना आए।' उन्होंने लिखा 26 जुलाई को भोपाल के टीटी नगर थाने में आकर गिरफ्तारी देंगे। दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को चेतावनी देते हुए ट्वीट भी किया था कि बिना सबूत मुझ पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया तो उन्हें मुझ से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा मुझे माननीय अदालत की शरण में जाना पड़ेगा।

कमलनाथ भी रहेंगे साथ
गुरुवार को गिरफ्तारी देने जा रहे दिग्विजय सिंह पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे और फिर कांग्रेस कार्यालस से टीटी नगर थाने पैदल चलकर जाएंगे, जहां जाकर दिग्विजय सिंह गिरफ्तारी देंगे। इस दौरान दिग्विजय सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी रहेंगे। वहीं कांग्रेस ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को भी इस पैदल मार्च में आने के लिए कहा है ताकि गिरफ्तारी के साथ ही राजधानी भोपाल में बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी किया जा सके।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.