Thursday 23 August 2018

प्रदेश की दस प्रमुख नदियों में विसर्जित होंगी स्व. अटलजी की अस्थियां, यात्रा आज दोपहर 2 बजे देवास बायपास पर पहुचेगी

23 को देवास आएगी कलश यात्राजगह-जगह होगा स्वागत।
    
देवास। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी की अस्थियां प्रदेश की दस प्रमुख नदियों में विसर्जित की जाएंगी। प्रदेश की जिन नदियों में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी के अस्थियों को विसर्जित किया जाएगा, उनमें नर्मदा, क्षिप्रा, ताप्ती, चम्बल, सोन, बेतवा, पार्वती, सिंध, पेंच और केन नदियां शामिल हैं। विभिन्न नदियों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्राएं 23 अगस्त को सुबह 8 बजे प्रदेश कार्यालय से एक साथ रवाना होंगी। सिर्फ चंबल नदी को जाने वाली अस्थि कलश यात्रा ग्वालियर से प्रारंभ होगी। 

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदकिशोर पाटीदार ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी का मध्यप्रदेश से गहरा नाता रहा है। प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे अटलजी के जीवन के कई वर्ष मध्यप्रदेश में ही बीते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश की दस प्रमुख नदियों में उनकी अस्थियों को विसर्जित किए जाने का निर्णय लिया गया है। अस्थि कलश यात्राओं के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय ने पूरा कार्यक्रम तैयार किया है। इस कार्यक्रम के अनुसार क्षिप्रा नदी मे अस्थि विसर्जन के लिए जाने वाली यात्रा 23 अगस्त को सीहोर, देवास, इंदौर होते हुए क्षिप्रा तट उज्जैन पहुंचेगी। श्री पाटीदार ने आगे बताया की कलश यात्रा देवास जिले में दोपहर 1बजे सोनकच्छ के रास्ते प्रवेश करेगी। सोनकच्छ सहित भोपाल इन्दोर मार्ग पर यात्रा का जगह-जगह स्वागत कर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। यात्रा दोपहर 2 बजे देवास बायपास पर पहुचेगी जहाँ से भोपाल चौराहा, बस स्टैंड, जबरेश्वर महादेव मंदिर, उज्जैन चौराहा, सिविल लाइन्स चौराहा, सयाजी द्वार, रामनगर चौराहा, जवाहर नगर चौराहा,मिश्रीलाल नगर चौराहा, विकासनगर चौराहा, बावडिया, अमौना, रसुलपुर होते क्षिप्रा से इन्दोर जिले में प्रवेश करेंगी। श्री पाटीदार ने सभी राजनैतिक,धार्मिक एवं अन्य सामाजिक संस्थाओ से ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित होकर पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत कर युग पुरुष अटल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की। उक्त जानकारी भाजपा जिला प्रवक्ता शम्भू अग्रवाल ने दी।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.