Thursday 28 June 2018

प्यार के लिए राज छोड़ेगी राजकुमारी, शाही दर्जा त्याग कर शादी करेगी | Kosar Express


टोक्यो। प्यार हमेशा ही बंधन तोड़ता है। वो अमीरी-गरीबी और देश-भाषा की सीमाओं में भी नहीं बंधता। जापान में ऐसा ही कुछ होने जा रहा है। राजवंश की राजकुमारी अयाको (27) ने एक सामान्य नागरिक केई मोरिया (32) से शादी करने का फैसला किया है। केई एक शिपिंग फर्म में कर्मचारी है। जापान के कानून के मुताबिक, अगर राजकुमारी सामान्य आदमी से शादी करे तो उनका शाही दर्जा छिन जाएगा। राजकुमारी अपने प्यार के लिए राज छोड़ने को तैयार है। जापान में ये दूसरा मौका है जब किसी राजकुमारी का शाही दर्जा छीना जाने वाला है। पिछले साल सितंबर में अयाको की चचेरी बहन राजकुमारी माको ने एक सामान्य शख्स और अपने कॉलेज के दोस्त केई कोमुरो से सगाई की थी।



शादी के बाद कभी राजमहल नहीं आ पाएंगी राजकुमार अयाको

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमारी अयाको टोक्यो के मेइजी जिंगु मंदिर में 29 अक्टूबर को शादी करेंगी। इसके साथ ही वे राजपरिवार छोड़ देंगी। हालांकि, राजपरिवार उन्हें 10 लाख डॉलर (करीब 6 करोड़ 85 लाख रुपए) का बोनस देगा। अयाको ने सामाजिक कल्याण में मास्टर की डिग्री ली है। शाही परिवार के एक कर्मचारी के मुताबिक, केई मोरिया से अयाको को उनकी मां राजकुमारी ताकामोदो ने पिछले साल दिसंबर में मिलवाया था। ताकामोदो, केई के माता-पिता को जानती थीं। केई और अयाको दोनों को ही ग्लोबल वेलफेयर, स्कीइंग, किताबों और ट्रेवल का शौक है।


राजपरिवार में 40 साल बाद पहला पुरुष उत्तराधिकारी:

जापान के कानून के मुताबिक, शाही परिवार की महिलाओं को राजगद्दी पर बैठने का अधिकार नहीं है। राजपरिवार में पुरुष उत्तराधिकारी की कमी के चलते महिलाओं को राजगद्दी सौंपने की चर्चा शुरू हुई। 2006 में राजपरिवार में प्रिंस हिसाहितो पैदा हुए। इसके साथ ही महिलाओं को राजगद्दी दिए जाने पर बहस भी खत्म हो गई।


जापान के राजपरिवार की स्थिति:
बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों के चलते जापान के राजा अकीहितो (84) अगले साल रिटायर होने की योजना बना रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो मई 2019 में राजकुमार नारुहितो जापान के अगले राजा होंगे। जापान में भगवान के बाद दूसरे क्रम पर राजा का दर्जा माना जाता है, लेकिन अकीहितो ने राजा के पद को आधुनिक रूप दे दिया। राजकुमारी माको और उनके मंगेतर केई कोमुरो की इसी साल नवंबर में शादी करने की योजना थी, लेकिन अब वे राजा अकीहितो के राजगद्दी छोड़ने के बाद 2020 में शादी करेंगी।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.