Saturday 21 April 2018

भरे मंच पर दुल्हन ने दूल्हे की जगह BF को वरमाला पहना दी


सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के नगीना में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक बारात में उस समय हंगामा हो गया जब एक दुल्हन ने दूल्हे की जगह उसके प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। बारातियों ने दुल्हन के प्रेमी की जमकर पिटाई की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। बिजनौर में बुधवार को नगीना थानाक्षेत्र में एक शादी समारोह था। नाचते-गाते बारात समारोह स्थल पर पहुंची। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया। 

द्वारचार के बाद दूल्हा दोस्तों के साथ स्टेज पर पहुंचा। दूल्हा और बाराती बहुत खुश थे। दुल्हन को वरमाला के लिए बुलाया गया। वरमाला लेकर स्टेज पर पहुंची दुल्हन और दूल्हा दोनों वरमाला के लिए खड़े हो गए। पहले दुल्हन को माला डालने को कहा गया। दूल्हा आगे बढ़ा लेकिन दुल्हन ने उसकी बजाए उसके बगल में खड़े एक युवक के गले में वरमाला डाल दी। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। युवक की तरफ हर कोई संदेह से देखने लगा। पता चला कि वह युवक बारातियों की तरफ से नहीं था फिर भी वह नाचते गाते दूल्हे के साथ स्टेज तक पहुंचा। 

बारातियों ने युवक को पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। युवक के हिरासत में जाते ही दुल्हन ने शादी से इनकार करते हुए कहा कि उसने जिसके गले में वरमाला डाली है, वह उसी से शादी करेगी। काफी हंगामे के बाद बाराती बिना दुल्हन के वापस लौट गए। 

पुलिस ने बताया कि युवक और दुल्हन एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। दोनों का लंबे समय से प्रेम संबध था। युवती के परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। उसकी शादी जबरन दूसरी जगह कराई जा रही थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर यह प्लान बनाया था। पुलिस ने बताया कि युवती बालिग है। उसके परिजनों को समझाया जा रहा है कि दोनों की शादी कर दें। 


No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.